अन्नपूर्णा देवी ने लोकतंत्र और संविधान के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा, सांसद मनीष जायसवाल बोले- SIR तो बहाना है, घुसपैठियों को बचाना कांग्रेस का एजेंडा
हजारीबाग। कांग्रेस के खिलाफ राजनीतिक अभियान को धार देने के लिए मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने हजारीबाग में जोरदार पदयात्रा निकाली। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल समेत कई विधायक, वरिष्ठ पार्टी नेता और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर दोहरा रवैया अपनाने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब चुनाव में कांग्रेस को जीत मिलती है तो उसे लोकतांत्रिक व्यवस्था सही नजर आती है, लेकिन हार मिलने पर वही पार्टी चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने लगती है। उन्होंने इसे कांग्रेस की दोहरी राजनीति करार दिया। साथ ही झारखंड की हेमंत सरकार को भी घेरते हुए युवाओं की बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया।
वहीं सांसद मनीष जायसवाल ने SIR के मुद्दे पर कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR को लेकर विरोध के पीछे कांग्रेस की मंशा घुसपैठियों को बचाने की है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार से हताश कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका की राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन का एकमात्र लोकतांत्रिक रास्ता चुनाव है और देश संविधान के अनुसार ही चलेगा।
कार्यक्रम के प्रभारी बिरंचि नारायण ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अराजकता फैलाने वाले तत्वों को कांग्रेस का संरक्षण मिल रहा है। उनके बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के संकेत दिखे।
इस पदयात्रा में सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, पूर्व विधायक किशुन दास सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पदयात्रा जिला स्कूल मैदान से शुरू होकर बंसीलाल चौक, झंडा चौक और पैगोडा चौक होते हुए इंद्रपुरी चौक पहुंची। इसके बाद कार्यकर्ता वापस निर्धारित मार्ग से लौटे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस के खिलाफ अपनी राजनीतिक नाराजगी जाहिर की।







