चालक केबिन में फंसा, पुलिस और एनएचएआई की टीम ने चलाया बचाव अभियान; एक घंटे तक बाधित रहा जीटी रोड पर आवागमन
चौपारण। चौपारण की दनुवा घाटी में रविवार सुबह सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब नौ बजे सड़क किनारे खराब होकर खड़े ट्रेलर में पीछे से आ रहे एक टिप ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टिप ट्रेलर का चालक केबिन में फंस गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और जीटी रोड पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
घटना की सूचना मिलते ही पिकेट प्रभारी नीतीश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस और एनएचएआई-1033 की टीम ने दोनों घायलों को इलाज के लिए चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
घायलों की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ निवासी सचित कुमार, पिता मोहन यादव, तथा जहानाबाद जिले के रामपुर निवासी 45 वर्षीय शैलेश कुमार, पिता श्रीरामबली सिंह के रूप में हुई है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
क्रेन की उपलब्धता पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
हादसे के बाद दनुवा घाटी में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और आपातकालीन बचाव व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना के समय एनएचएआई की क्रेन मौके पर उपलब्ध नहीं रहने से राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी होती है। उनका कहना है कि घाटी का यह मार्ग दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील है, इसलिए यहां पर्याप्त बचाव संसाधनों की व्यवस्था जरूरी है।
ग्रामीणों ने एनएचएआई से दनुवा घाटी में क्रेन की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन तैनात करने की मांग की है, ताकि दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर सहायता मिल सके और सड़क पर लंबे समय तक जाम की स्थिति न बने।






