मांडू विधायक निर्मल महतो ने राज्यपाल को सौंपा मांगपत्र, इलाज और उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता खत्म करने की पहल
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। विष्णुगढ़ में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर मेडिकल कॉलेज तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग तेज हो गई है। मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो ने झारखंड के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर विष्णुगढ़ में दोनों संस्थानों की स्थापना के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री के साथ संबंधित चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग को भी भेजी गई है।
बड़ी आबादी के लिए मेडिकल कॉलेज की जरूरत
विधायक ने राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में विष्णुगढ़ की भौगोलिक स्थिति, बड़ी आबादी और क्षेत्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का हवाला देते हुए मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता पर जोर दिया है। उनका कहना है कि क्षेत्र की बड़ी आबादी आर्थिक रूप से कमजोर है। गंभीर बीमारी अथवा बेहतर चिकित्सा के लिए लोगों को दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक बोझ के साथ समय की परेशानी भी झेलनी पड़ती है।
विष्णुगढ़ में मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने के साथ चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर विकसित होंगे। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
स्नातक की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को जाना पड़ता है बाहर
विधायक ने क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की आवश्यकता को भी प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने कहा कि विष्णुगढ़ में डिग्री कॉलेज नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों और दूर-दराज के शिक्षण संस्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए बाहर रहकर पढ़ाई करना अतिरिक्त खर्च और कई अन्य कठिनाइयों का कारण बनता है।
स्थानीय स्तर पर डिग्री कॉलेज की स्थापना होने से विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा।
राज्यपाल से आवश्यक पहल का आग्रह
विधायक निर्मल महतो ने राज्यपाल से दोनों संस्थानों की स्थापना की मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा को क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण जरूरत बताते हुए इन संस्थानों की स्थापना को विष्णुगढ़ के व्यापक हित से जुड़ा विषय बताया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।







