Khunti: जिले में उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तोरपा और कर्रा थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई लेवी वसूली, फायरिंग और आगजनी की घटनाओं के मामले में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) से जुड़े सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और संगठन के पर्चे बरामद किए गए हैं।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने प्रेस वार्ता में बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही उग्रवादी गतिविधियों को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (तोरपा) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। टीम द्वारा लगातार खुफिया सूचना संग्रह और संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही थी।
इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात उग्रवादी श्रवण दास उर्फ फगुआ दास अपने साथियों के साथ तोरपा थाना क्षेत्र के अलंकेल-सुंदरारी मार्ग के समीप हथियारों के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही तोरपा, कर्रा, जरियागढ़, रनिया और तपकरा थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की और सात उग्रवादियों को धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी श्रवण दास ने कई उग्रवादी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि संगठन के कुछ हथियार जरियागढ़ थाना क्षेत्र के बरवादाग जंगल में छिपाकर रखे गए हैं। इसके बाद पुलिस उसकी निशानदेही पर जंगल पहुंची और वहां से अतिरिक्त हथियार एवं कारतूस बरामद किए।
एसपी ने बताया कि बरामदगी के बाद जब पुलिस टीम आरोपी को जंगल से बाहर ला रही थी, तभी उसने अचानक जरियागढ़ थाना प्रभारी का हथियार छीन लिया और पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्तौल, 21 जिंदा गोलियां, दो मोबाइल फोन और पीएलएफआई के छह पर्चे बरामद किए हैं। वहीं बरवादाग जंगल से एक देसी पिस्तौल, एक देसी नाली बंदूक, एक अतिरिक्त मैगजीन तथा सात जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं।
गिरफ्तार उग्रवादियों में सुदर्शन सोय उर्फ सुधीर उर्फ सोना सोय, सलीम बोदरा उर्फ रोडे, श्रवण दास उर्फ फगुआ दास, सामु डोडराय, विष्णु मांझी उर्फ एडी, हर्षित गुड़िया उर्फ बोयदा पाहन और उमर खान उर्फ नील खान शामिल हैं। एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि जिले में उग्रवाद के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पीएलएफआई नेटवर्क से जुड़े अन्य सक्रिय सदस्यों और सहयोगियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसे भी पढ़े: ब्राउन शुगर के साथ बरकट्ठा का युवक गिरफ्तार, 11400 रुपये भी बरामद