तिसरी मनोज लाल बर्नवाल (गिरिडीह)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को तिसरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व तिसरी अंचलाधिकारी अखिलेश प्रसाद ने किया। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। प्रखंड के अनेकों पंचायत भवन में भी योगाभ्यास करवाया गया जिसमें खाटपोंक पंचायत भवन में मुखिया जानकी यादव, तिसरी पंचायत भवन में किशोरी साव, भंडारी पंचायत भवन में मुखिया पिंकेश सिंह ने करवाया।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति सहित कई योग क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित विद्यार्थियों को बताया गया कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा एकाग्रता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
अंचलाधिकारी अखिलेश प्रसाद ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में चिकित्सा प्रभारी डॉ देवव्रत, डॉ जैनेन्द्र, डॉ महेश्वर, उपप्रमुख बैजू मरांडी, दिल्ली पब्लिक स्कूल प्रभारी जन्मजय पारदर्शी एवं शिक्षक तथा स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और नियमित योग करने का संकल्प लिया।