देवघर। जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र पंचायत धोबाना अंतर्गत बड़की खडखार गांव में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। पीड़िता गीता देवी ने देवीपुर थाना में लिखित आवेदन देकर गांव के कुछ लोगों जय प्रकाश यादव एवं त्रिपुरारी यादव दोनों के पिता स्व० विशु राउत एवं बच्चु राउत पिता-रतन राउत, प्रेम राउत, तारकिशोर राउत दोनों पिता-स्व० कैला राउत लोगों पर उनकी जमीन पर अवैध कब्जा और जबरन मकान निर्माण कराने का आरोप लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि मौजा बड़की खडखार, खाता नंबर-96 और प्लॉट नंबर-80 की जमीन उनके पूर्वजों के नाम से दर्ज है। पीड़िता का आरोप है कि कुछ लोग उनकी जमीन पर जबरन मकान बनाकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। गीता देवी ने खुद को गरीब और असहाय महिला बताते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पुराने मकान पर भी कब्जा कर उसमें रहने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़िता ने प्रशासन से जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इसे भी पढ़े: फूड सेफ्टी को लेकर होटलों में जांच, संचालकों को दी गई सख्त हिदायत