चौपारण में शबरी माता मंदिर से निकली आकर्षक शोभायात्रा, उमड़ा जनसैलाब, शांतिपूर्ण संपन्न

Nitish Keshri
3 Min Read
|

चौपारण। प्रखंड के जोकट स्थित शबरी माता मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। अखिल भारतीय भुइयां कल्याण समिति, चौपारण के तत्वावधान में आयोजित इस शोभायात्रा में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा और बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर आस्था की मिसाल पेश की। भक्ति गीतों, जयकारों और नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।

शोभायात्रा की शुरुआत चौपारण चतरा मोड़ से हुई, जो जीटी रोड होते हुए जोकट स्थित माता शबरी मंदिर प्रांगण तक पहुंची। मंदिर परिसर में पहुंचते ही शोभायात्रा एक विशाल सभा में तब्दील हो गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन और माता शबरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।

समिति के अध्यक्ष आजाद भुइयां के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने माता शबरी के त्याग, समर्पण, सेवा और अटूट भक्ति के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षा के प्रसार, नशा मुक्ति अभियान को मजबूती देने, दहेज प्रथा पर रोक लगाने और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का सामूहिक संकल्प दिलाया गया।

वक्ताओं ने कहा कि माता शबरी का जीवन सेवा, सादगी और समर्पण की अनुपम मिसाल है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज को सशक्त और संगठित बनाया जा सकता है।

शोभायात्रा के दौरान चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी दल-बल के साथ मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी। उनकी मौजूदगी में शोभायात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

इसे भी पढ़े: झारखंड में दर्दनाक एयर एंबुलेंस हादसा, पायलट समेत 7 की मौत

इस अवसर पर समाज के उत्थान और सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कई व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। भुइयां समाज की ओर से सांसद प्रतिनिधि रामस्वरूप पासवान, विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव, थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, मंडल अध्यक्ष रेवाशंकर साव, समाजसेवी रामचंद्र सिंह और मनोज यादव सहित अन्य अतिथियों का बैज लगाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सचिव दिगम्बर भुइयां, कोषाध्यक्ष संतोष भुइयां, प्रखंड प्रभारी बिरेंद्र भुइयां, सक्रिय सदस्य कैलाश भुइयां, पंचायत समिति सदस्य श्री भुइयां, रामप्रसाद भुइयां, रेवाशंकर, शामलाल भुइयां सहित समाज के सैकड़ों लोगों की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।

इसे भी पढ़े: कटकमसांडी पुलिस की तत्परता: खोए दो मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।