राँची: जिले के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित राजाउलातू डाबर टोली स्थित झारखंड राय यूनिवर्सिटी के छात्र मनीष कुमार द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने के मामले में नया मोड़ आया है. मामले में छात्र मनीष कुमार के हजारीबाग के पेटो गांव निवासी पिता हुसैनी साव ने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. इकलौते बेटे की मौत से पिता सहित पूरा परिवार टूट गया है. पिता ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है.

मेकेनिकल इंजीनियरिंग में पांचवें सेमेस्टर का छात्र था
पिता के द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार उनका 20 वर्षीय इकलौता बेटा झारखंड राय यूनिवर्सिटी में बीटेक मेकेनिकल इंजीनियरिंग में पांचवें सेमेस्टर का छात्र था एवं यूनिवर्सिटी के समीप किराये के मकान में रहता था. बुधवार की दोपहर डेढ़ बजे उनके मोबाइल पर 7004842535 नंबर से आशुतोष नाम के व्यक्ति का फोन आया. उसने फोन पर बताया कि मनीष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है.
मनीष को बचाना है तो बचा लीजिए का मैसेज आया था
मनीष के पिता ने बताया कि घटना के एक दिन पहले मंगलवार को भी उनके परिवार के मोबाइल पर 9142343437 नंबर से व्हाट्सएप मैसेज भेजा गया, जिसमें लिखा था, “मनीष को बचाना है तो बचा लीजिए.” मैसेज आने के कुछ देर बाद उसे डिलीट कर दिया गया. पुलिस के द्वारा सूचना मिलने के बाद परिजन डाबर टोली पहुंचे, जहां मनीष रहता था. कमरे में बेटे के गले में रस्सी बंधी थी एवं पास में टूटी हुई टेबल थी. उन्होंने आशंका जताई है कि उनके बेटे की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है.
बदबू आने पर हुआ शक
बुधवार की सुबह कमरे से बदबू आने पर अन्य किराएदारों को शक हुआ. कमरा अंदर से बंद मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया. कमरे में जाकर देखा कि मनीष का शव पंखे में रस्सी के सहारे लटका हुआ था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा
पहुंची पुलिस ने आवश्यक जांच की. पुलिस ने मृतक की स्मार्टवॉच एवं मोबाइल जब्त कर लिया है. पुलिस के अनुसार छात्र का शव दो-तीन दिन पहले का है, जिस कारण बदबू आ रही थी. मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा.







