क्राफ्ट समाचार/मनोज लाल बर्नवाल तिसरी
गिरिडीह। राज्य में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश पर अब विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया गया है, ताकि बच्चों को गर्मी से राहत मिल सके।
इसी क्रम में राज्य सरकार के निर्देशों के आलोक में गिरिडीह जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, रामनिवास यादव द्वारा जिले के सभी विद्यालयों हेतु संशोधित समय सारणी लागू करने का आदेश जारी किया गया है। जारी निर्देश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त/गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं निजी विद्यालयों में कक्षा केजी से लेकर कक्षा 8 तक की कक्षाएं सुबह 07:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित होंगी। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए कक्षाएं सुबह 07:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेंगी। इसके अलावा सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे सुबह 07:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। कक्षाएं समाप्त होने के बाद शेष समय में वे गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
उपायुक्त ने सभी विद्यालय प्रबंधन को सख्त निर्देश दिया है कि इस आदेश का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों को गर्मी से राहत मिल सके और उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा बनी रहे। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को निर्धारित समय पर विद्यालय भेजें और गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां जरूर बरतें। यह आदेश 21 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा और अगले आदेश तक लागू रहेगा।
इसे भी पढ़े: जमीन विवाद में बढ़ी रंजिश, चारपहिया वाहन से कुचलने की कोशिश, पीड़ित ने थाने में लगाई न्याय की गुहार