लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर रहेगी नजर, विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत जांचेंगी गठित टीमें
धनबाद। जिले में विकास योजनाओं को गति देने और निर्धारित समय पर पूरा कराने को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को उनकी अध्यक्षता में जिला विकास शाखा के कर्मचारियों एवं डीएमएफटी पीएमयू के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें डीएमएफटी, सीएसआर और अनटाइड फंड के तहत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने योजनावार कार्यों की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति और लंबित परियोजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान कई कार्यों की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विकास कार्यों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उपायुक्त ने विभिन्न टीमों का गठन करने का निर्देश भी दिया। ये टीमें संबंधित स्थलों पर पहुंचकर योजनाओं का निरीक्षण करेंगी तथा निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रगति और गुणवत्ता की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की नियमित निगरानी करें और जहां भी कार्यों में बाधा या देरी हो रही है, उसका तत्काल समाधान निकालें। उपायुक्त ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।







