एसएसपी के निर्देश पर एसआईटी गठित, डीएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे जांच, राष्ट्रीय महिला आयोग ने सात दिनों में मांगी रिपोर्ट
रांची। राजधानी रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र की आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, मृतका के पिता की लिखित शिकायत के आधार पर ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की को नामजद आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है। रांची एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
निष्पक्ष जांच का ग्रामीण एसपी ने दिया भरोसा
रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि एसआईटी पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पिठोरिया थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों और पुलिस की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले का अनुसंधान डीएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
6 नवंबर को फेसबुक लाइव कर जाहिर की थी पीड़ा
गौरतलब है कि 6 नवंबर 2026 को निशा भगत ने पिठोरिया स्थित अपने आवास से फेसबुक लाइव किया था। करीब 10 से 11 मिनट के इस वीडियो में वह काफी भावुक नजर आई थीं। लाइव के दौरान उन्होंने आदिवासी अधिकारों, जमीन पर कथित कब्जे, जमीन माफिया और प्रशासनिक स्तर पर सहयोग नहीं मिलने जैसे गंभीर मुद्दे उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि जमीन से जुड़े मामलों में आवाज उठाने के कारण उन्हें परेशान किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने और उन्हें दलाल कहे जाने से भी वह आहत थीं। इसी दिन उनके आत्महत्या करने की घटना सामने आई थी।
पिता ने लगाए मानसिक प्रताड़ना और साजिश के आरोप
निशा भगत की मौत के बाद उनके पिता ने पिठोरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का दावा है कि उनकी बेटी को लंबे समय से मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर उनका चरित्र हनन किया जा रहा था तथा उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने का दबाव बनाया जा रहा था। शिकायत में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद करते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। इसके अलावा पिता ने थाना प्रभारी सतीश पांडेय और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
मामले ने पकड़ा राजनीतिक तूल, सीबीआई जांच की मांग
निशा भगत की मौत का मामला अब राजनीतिक रूप भी ले चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने इस घटना को राज्य में आदिवासियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जोड़ते हुए हेमंत सोरेन सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। वहीं, भाजपा ने इस मुद्दे पर चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान
इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने झारखंड प्रशासन से सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। अब पुलिस की एसआईटी जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं। जांच के निष्कर्षों से ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़े: ईचाक: एक आवेदन से मिल सकता है कानूनी समाधान, ग्रामीणों को दी गई मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी








1 thought on “आदिवासी नेत्री निशा भगत आत्महत्या मामले में कार्रवाई तेज, थाना प्रभारी लाइन हाजिर, दो नामजद आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज”