चौपारण (हजारीबाग)। गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की अद्भुत लीला, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और देवराज इंद्र के अहंकार को समाप्त करने की स्मृति में मनाई जाती है। यह पर्व हमें प्रकृति, पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं, विशेषकर गौवंश की रक्षा एवं सम्मान करने का संदेश देता है। उक्त बातें अखिल भारतीय गौ रक्षा महासंघ के झारखंड प्रदेश महामंत्री एवं समाजसेवी मुकुंद साव ने 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा की पूर्व संध्या पर आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम में कहीं।
मुकुंद साव ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक एवं पौराणिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि द्वापर युग में ब्रजवासी अच्छी वर्षा और बेहतर फसल की कामना से देवराज इंद्र की पूजा किया करते थे। भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें समझाया कि गोवर्धन पर्वत, प्रकृति और गौवंश का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। गोवर्धन पर्वत से हमें अन्न, फल और पशुओं के लिए चारा प्राप्त होता है। इसलिए हमें प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की प्रेरणा से जब ब्रजवासियों ने गोवर्धन पर्वत की पूजा की, तो क्रोधित होकर इंद्रदेव ने मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। ब्रजवासियों और पशुओं की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया। सात दिनों तक सभी ब्रजवासी और पशु पर्वत के नीचे सुरक्षित रहे। अंततः इंद्रदेव को अपनी भूल का एहसास हुआ और उन्होंने वर्षा रोक दी। इसी पौराणिक प्रसंग की स्मृति में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाने की परंपरा शुरू हुई।
मुकुंद साव ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और गौसेवा का भी संदेश देती है। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन पर्वत को छप्पन भोग तथा विभिन्न प्रकार के अन्न और पकवानों का प्रसाद अर्पित किया जाता है।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल, बरही विधायक मनोज कुमार यादव, बरही विधानसभा सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, टुन्नू गोप, सह सांसद प्रतिनिधि मणिलाल यादव, मंडल सांसद प्रतिनिधि सहदेव यादव, विधायक प्रतिनिधि नारायण यादव, राजदेव यादव, लक्ष्मण यादव, स्थानीय नेता भुनेश्वर यादव, विकास यादव, कपिलदेव यादव, मुखिया जानकी यादव, केदार यादव, झापा पंचायत के कार्यकर्ता उपेंद्र यादव, छकौड़ी यादव, जागेश्वर यादव, रामसेवक यादव, शिक्षक अभिमन्यु यादव एवं पप्पू यादव सहित कई लोगों ने बरही विधानसभा क्षेत्र के समस्त सनातन धर्मावलंबियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।






