महानेटांड कट के पास हुआ भीषण हादसा, एक दर्जन से अधिक घायल, शव बांधने के दौरान पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रेलर ने रौंदा
Hazaribagh News: चौपारण (हजारीबाग)। जीटी रोड स्थित चौपारण की दनुआ घाटी एक बार फिर ‘मौत की घाटी’ साबित हुई है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे महानेटांड कट के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस भयावह हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक घंटों चीख-पुकार और भारी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे बनारस
मिली जानकारी के अनुसार, बगोदर प्रखंड के अटका से करीब डेढ़ दर्जन लोग एक सवारी गाड़ी पर सवार होकर एक शव का अंतिम संस्कार करने के लिए बनारस (वाराणसी) जा रहे थे। इसी दौरान दनुआ घाटी के महानेटांड कट के समीप गाड़ी के ऊपर रखा शव अचानक हिलने लगा और उसे बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई।
रस्सी ठीक करते समय बेकाबू ट्रेलर ने मारी टक्कर
बताया जाता है कि शव को ठीक करने के लिए ड्राइवर ने सवारी गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया। यात्री उतरकर रस्सी ठीक करने में जुटे ही थे कि तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के बाहर और अंदर मौजूद कई लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जन भर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रेलर चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

पीछे से आ रहा कोयला लदा ट्रक भी पलटा
इस हादसे के तुरंत बाद, पीछे से आ रहा एक कोयला लदा ट्रक भी असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त सवारी गाड़ी से टकराकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया। इससे घटनास्थल पर स्थिति और भी ज्यादा भयावह हो गई।

थाना प्रभारी और ग्रामीणों ने घायलों को निकाला
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार और नितिन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की मदद से गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में मची अफरा-तफरी, एंबुलेंस की भारी कमी
चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक साथ इतने घायलों के पहुंचते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल में सीमित चिकित्सकीय संसाधन होने के कारण घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तुरंत हजारीबाग रेफर कर दिया गया। घायलों की संख्या अधिक होने से एंबुलेंस की भारी कमी देखने को मिली। आपदा मित्रों और 108 एंबुलेंस की मदद ली गई, लेकिन पर्याप्त वाहन उपलब्ध नहीं होने से राहत कार्य काफी प्रभावित हुआ। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर दनुआ घाटी में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अस्पताल पहंचे अधिकारी, घायलों का लिया जायजा
हादसे की खबर मिलते ही अंचल अधिकारी (सीओ) संजय यादव सामुदायिक अस्पताल पहंचे। उन्होंने घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। थाना प्रभारी पंकज कुमार भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
इसे भी पढ़े: ब्रेकिंग: चौपारण की दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, 4-5 लोगों की मौत की आशंका








2 thoughts on “Hazaribagh News: दनुआ घाटी बनी मौत की घाटी: शवदाह के लिए बनारस जा रही सवारी गाड़ी में ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर, 5 लोगों की मौत”