बिहार से पश्चिम बंगाल ले जाए जा रहे थे मवेशी, पांच चालक हिरासत में; तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
कोडरमा। जिले में पशुओं के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह ट्रकों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से मवेशियों के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मौके से पांच ट्रक चालकों को हिरासत में लिया है, जबकि एक चालक फरार बताया जा रहा है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से बड़ी संख्या में मवेशियों को ट्रकों में भरकर कोडरमा के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तिलैया थाना पुलिस ने सुभाष चौक के समीप वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान एक के बाद एक छह ट्रकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रकों से बड़ी संख्या में मवेशी बरामद किए गए। पुलिस ने सभी बरामद पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए गौशाला भेज दिया।
प्रारंभिक पूछताछ में चालकों ने बताया कि मवेशियों को बिहार के काराकाट से लोड किया गया था और उन्हें पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। पुलिस अब परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच करने के साथ इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा मवेशियों को कहां और किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। फरार चालक की तलाश जारी है।
पुलिस की इस कार्रवाई को पशुओं के अवैध परिवहन के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।







