Home | झारखंड | बिहार | देश-विदेश | खेल | मनोरंजन | क्राइम | शिक्षा | हेल्थ | राजनीति | राशिफल
- ADVERTISEMENT -

महुदी में जाम का बढ़ता संकट, ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की उठाई मांग

Published: Nov 7, 2026 7:47 PM  •  Updated: Nov 7, 2026 7:47 PM
HIGHLIGHTS
- ADVERTISEMENT -

ओवरब्रिज निर्माण से सर्विस रोड पर बिगड़ी यातायात व्यवस्था, सीओ ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा; वन-वे व्यवस्था और नियमित जल छिड़काव की मांग

चौपारण। प्रखंड के महुदी में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के समीप लगातार लग रहे जाम ने राहगीरों, स्थानीय ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ा दी है। आए दिन वाहनों की लंबी कतार लगने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, सर्विस रोड की बदहाल स्थिति, जगह-जगह बने गड्ढे और उड़ती धूल ने आवागमन को और भी मुश्किल बना दिया है।

शनिवार को स्थिति का जायजा लेने अंचल अधिकारी संजय यादव महुदी पहुंचे। उन्होंने मौके पर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए सड़क किनारे लगाए गए बैरिकेडिंग को व्यवस्थित कराया, ताकि वाहनों का परिचालन सुचारू रूप से हो सके। साथ ही निर्माण कंपनी के कर्मियों को सर्विस रोड पर बने गड्ढों को तत्काल भरने का निर्देश दिया।

बहेरा पंचायत की मुखिया पूजा कुमारी ने बताया कि महुदी में जाम की मुख्य वजह वाहनों का अनियंत्रित ओवरटेक, रॉन्ग साइड से प्रवेश और सर्विस रोड की खराब स्थिति है। उन्होंने कहा कि केवल अस्थायी व्यवस्था से समस्या का समाधान नहीं होगा। इसके लिए सर्विस रोड पर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करना जरूरी है। साथ ही सड़क के गड्ढों को मिट्टी और मोरम से भरकर समतल कराया जाना चाहिए।

मुखिया ने प्रशासन एवं निर्माण कंपनी से मांग की कि सड़क के दोनों ओर कम से कम तीन-तीन गार्ड तैनात किए जाएं, ताकि ट्रकों को निर्धारित दिशा में एक कतार में चलाया जा सके। इसके अलावा धूल से राहत दिलाने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए।

गौरतलब है कि ओवरब्रिज निर्माण कार्य के कारण महुदी के पास यातायात व्यवस्था लंबे समय से प्रभावित है। शनिवार को जाम और धूल की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

अब ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन और निर्माण कंपनी पर टिकी हैं। लोगों ने मांग की है कि महुदी में वन-वे व्यवस्था लागू करने, सड़क की मरम्मत कराने और यातायात नियंत्रण के लिए स्थायी इंतजाम जल्द किए जाएं, ताकि रोजाना जाम की समस्या से मुक्ति मिल सके।

- ADVERTISEMENT -

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment