आदिवासी नेत्री की आत्महत्या से भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
चौपारण (हजारीबाग)। आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या के मामले को लेकर चौपारण में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा मंडल अध्यक्ष रेवा शंकर साव ने किया। वहीं विधानसभा सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव की विशेष उपस्थिति रही। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि निशा भगत की आत्महत्या का मामला गंभीर है। इसकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके। कार्यकर्ताओं ने दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि किसी भी पीड़ित को न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। निशा भगत के मामले में न्यायोचित कार्रवाई होने तक पार्टी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
पुतला दहन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कुलदीप पांडेय, सांसद प्रतिनिधि रिशु बर्णवाल, महामंत्री अरविंद कुमार सिंह, कृष्णा साव, गुलाब रजक, अशोक ठाकुर, अरुण पांडेय, सुरेंद्र यादव, सुबोध सिंह, मधुसूदन कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।






