नावाडीह सहित विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर सुविधाओं का लिया जायजा, छठ समितियों से समस्याओं पर की चर्चा
चौपारण (हजारीबाग)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर चौपारण प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में एसडीओ जोहान टुडू एवं अंचलाधिकारी संजय यादव ने चौपारण के नावाडीह सहित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही छठ घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी, पहुंच पथ तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने छठ पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर घाटों पर मौजूद समस्याओं और आवश्यक सुविधाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
अधिकारियों ने समिति के सदस्यों से समस्याओं की जानकारी लेते हुए छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने की बात कही। महापर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों के इस निरीक्षण से छठ पूजा समितियों में बेहतर व्यवस्था को लेकर उम्मीद जगी है। अब श्रद्धालुओं को घाटों पर सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन और छठ समितियों के बीच समन्वय के साथ तैयारी की जा रही है।






