बोकारो थर्मल। बोकारो थर्मल के नूरी नगर के समीप डीवीसी की ऐश पाइपलाइन फटने से कोनार नदी में एक बार फिर प्रदूषण का खतरा बढ़ गया है। बुधवार सुबह प्लांट से ऐश पौंड को जोड़ने वाली दो नंबर पाइपलाइन अचानक फट गई, जिसके कारण भारी मात्रा में छाई बहकर सीधे कोनार नदी में पहुंचने लगी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में डीवीसी प्रबंधन के प्रति नाराजगी देखी गई।
सुबह नूरी नगर के निवासियों ने नदी की ओर छाई का बहाव देखा तो तत्काल विभागीय अधिकारियों और इंजीनियरों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही डीवीसी की इंजीनियरिंग टीम मौके पर पहुंची और फटी पाइपलाइन को बंद करवाया, ताकि नदी में छाई का बहाव रोका जा सके।
बार-बार रिसाव से नदी के अस्तित्व पर संकट
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कोनार नदी में छाई बहने की यह पहली घटना नहीं है। पिछले सप्ताह भी जरवा बस्ती के समीप स्थित नाले के रास्ते दो बार नदी में छाई का बहाव देखा गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से नदी का पानी प्रदूषित होने के साथ जलीय पर्यावरण और आसपास रहने वाली आबादी के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडराने लगा है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब डीवीसी प्रबंधन की ओर से नदी को प्रदूषण मुक्त रखने और पाइपलाइनों को दुरुस्त करने के दावे किए जा रहे हैं, तो बार-बार पाइपलाइन में रिसाव कैसे हो रहा है? बताया जाता है कि हाल ही में प्रबंधन ने दो पाइपलाइनों को बदलने का काम भी पूरा किया था। इसके बावजूद पाइपलाइन फटने की घटना ने रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने डीवीसी प्रबंधन से पाइपलाइनों की नियमित जांच, जर्जर हिस्सों को बदलने और कोनार नदी में छाई का बहाव पूरी तरह रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि केवल घटना के बाद पाइपलाइन बंद कर देना पर्याप्त नहीं है। नदी और आसपास के लोगों को प्रदूषण से बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।






