बरहेट (साहेबगंज)। बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रखंड बरहेट अंतर्गत +2 एसएसडी उच्च विद्यालय, बरहेट में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (MHM) एवं बाल संरक्षण पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, बाल अधिकार, आत्मरक्षा, नशामुक्ति तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के महत्व से अवगत कराते हुए स्वच्छता अपनाने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा माहवारी से जुड़ी झिझक एवं भ्रांतियों को दूर करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संरक्षण पदाधिकारी चंदा कुमारी ने कहा कि बच्चों एवं किशोरियों को यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य से संबंधित सही जानकारी, सुरक्षित वातावरण, बेहतर शिक्षा और उचित संरक्षण मिलना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में साहस के साथ खड़े होने, आत्मरक्षा कौशल सीखने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही समाज के सभी नागरिकों से बच्चों के अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक और संवेदनशील रहने की अपील की गई।कार्यक्रम में छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, बाल श्रम एवं यौन शोषण से बचाव, पॉक्सो अधिनियम तथा किशोर न्याय अधिनियम के संबंध में जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, स्पॉन्सरशिप, फोस्टर केयर, आफ्टर केयर एवं दत्तक ग्रहण प्रक्रिया के बारे में बताया गया। किसी भी संकट या अप्रिय घटना की स्थिति में सखी वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड हेल्पलाइन जैसी सहायता सेवाओं का लाभ लेने के लिए भी जागरूक किया गया।छात्राओं एवं युवाओं को सभी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित प्रतिभागियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर ‘एक पौधा बेटी के नाम’ पहल के तहत पौधारोपण कर बालिका सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (C3) मोहम्मद खालिद, चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मोहम्मद इकबाल, सुपरवाइजर राज गुप्ता तथा मंथन संस्था के अजय कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
संवाददाता साहेबगंज
इसे भी पढ़े: पेनल्टी शूटआउट में परोरिया की जीत, स्कूटी सहित मिला आकर्षक पुरस्कार







1 thought on “बरहेट: माहवारी स्वच्छता एवं बालिका सशक्तिकरण पर बरहेट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित”