स्कॉर्पियो की चपेट में आने से गंभीर रूप से हुआ था घायल, पुलिस ने वाहन किया जब्त
चौपारण। प्रखंड के जीटी रोड स्थित सिंघरावां में विजयादशमी के दिन हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक बसंत कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान चपरी खुर्द निवासी सुनील सिंह के पुत्र बसंत कुमार के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, विजयादशमी के दिन सिंघरावां में बसंत कुमार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
जीटी रोड पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
सिंघरावां सहित जीटी रोड के विभिन्न हिस्सों में हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य में देरी और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और निर्माण कार्य में लगी कंपनी से सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है। साथ ही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त संकेतक, चेतावनी बोर्ड और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।







