चौपारण। प्रखंड के सिंघरावां हाई स्कूल मैदान में विजयादशमी के अवसर पर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से मंगलवार को भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 50 फीट ऊंचे रावण के विशाल पुतले का दहन देखने के लिए पांच हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ी। रावण दहन के दौरान पूरा मैदान ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा और माहौल भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अंचल अधिकारी संजय कुमार यादव तथा विशिष्ट अतिथि इंस्पेक्टर अनिल कुमार और थाना प्रभारी पंकज कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे कांग्रेस नेता सह सामाजिक कार्यकर्ता दीपक गुप्ता ने कहा कि सिंघरावां में पिछले दो वर्षों से रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। वहीं, रावण दहन समिति के अध्यक्ष आर्यन गुप्ता ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत किया।
रावण के विशाल पुतले का निर्माण स्थानीय युवाओं ने कई दिनों की मेहनत से किया था। आयोजन को सफल बनाने में सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष कृष्ण प्रसाद साहू, महासचिव बद्री साव, सचिव लालेश साहू सहित समिति के सदस्यों और स्थानीय युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भव्य रावण दहन कार्यक्रम ने क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने सामाजिक एकजुटता, आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति लोगों के उत्साह को प्रदर्शित किया।






