नवरात्रि के दौरान देर रात हुआ हादसा, बैरिकेड तोड़ ढलान पर अनियंत्रित हुआ धान से लदा ट्रक, दो पुलिसकर्मी भी जख्मी
ग्वालियर (मध्य प्रदेश)। नवरात्रि के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के रास्ते पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की भीड़ को धान से लदे एक बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 39 लोग घायल हो गए। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बैरिकेड तोड़ ढलान पर बेकाबू हुआ ट्रक
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार, छिनोर की ओर से शीतला माता मंदिर जाने वाले मार्ग पर ढलान है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को देखते हुए इस रास्ते पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित थी। इसके बावजूद रात करीब 1:30 बजे धान से लदा एक ओवरलोडेड ट्रक इस मार्ग पर पहुंच गया।
पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बैरिकेड्स को टक्कर मारकर तोड़ दिया। इसके बाद ढलान पर ट्रक अनियंत्रित होकर तेजी से नीचे की ओर बढ़ा और मंदिर की बाहरी दीवार तथा मुख्य गेट से जा टकराया। उस समय रास्ते पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जो इसकी चपेट में आ गए।
प्रशासन ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका चौहान के मुताबिक, रात करीब 1:30 बजे घटना की जानकारी मिलने के बाद एंबुलेंस और बचाव वाहनों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया।
दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 12 लोगों को मृत घोषित कर दिया। कई घायलों को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर आए हैं, जिनका उपचार जारी है। हादसे में घायल हुए दो पुलिसकर्मियों का भी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। नवरात्रि के दौरान हुए इस हादसे से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
इसे भी पढ़े: विष्णुगढ़: चलनिया के पास स्कॉर्पियो और ट्रेलर में जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचे मां-बेटे







