रांची। राजधानी रांची में हल्की बारिश ने सड़क और जलनिकासी व्यवस्था की स्थिति उजागर कर दी है। अरगोड़ा से एयरपोर्ट जाने वाले मार्ग पर ओवरब्रिज से कुछ दूरी पर सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर जगह-जगह पानी जमा होने के कारण गड्ढों का पता लगाना मुश्किल हो गया है। इससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। वहीं, पैदल चलने वाले लोगों को भी पानी के बीच से गुजरने में काफी दिक्कत हो रही है।
अरगोड़ा से एयरपोर्ट जाने वाला यह मार्ग राजधानी के प्रमुख रास्तों में शामिल है। इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम लोग और अन्य वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद हल्की बारिश के बाद ही जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होना सड़क की गुणवत्ता और जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क पर जलजमाव दूर करने के लिए ठोस कदम उठाएगा। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कब पहल करता है, ताकि लोगों को बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।





