असामाजिक तत्वों पर रहेगी पुलिस की नजर, शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील
तिसरी (गिरिडीह) / मनोज लाल बर्नवाल। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर तिसरी थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर और अंचल निरीक्षक राजीव रंजन सबइंस्पेक्टर लव कुमार के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च तिसरी ,चंदौरी,अड़सार,पाल्मरुआ आदि गांव में निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। साथ ही पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ संदेशों को प्रसारित करने से भी बचें।
थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी। किसी भी तरह की अशांति फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि दुर्गा पूजा को आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण पूजा आयोजन के लिए आवश्यक सतर्कता बरती जाएगी।
फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस प्रशासन ने यह संदेश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।








1 thought on “Tisri News: दुर्गा पूजा को लेकर तिसरी में पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील”