जबर करम अखड़ा में उमड़ा जनसैलाब, मांदर की थाप पर झूम उठीं करमेती बहनें
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। प्रखंड अंतर्गत बनासो एवं बकसपुरा पंचायत के सीमावर्ती बिलंडीटांड़ मैदान में झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति (जेबीकेएसएस) विष्णुगढ़ इकाई की ओर से जबर करम अखड़ा का भव्य आयोजन किया गया। करम पर्व की पारंपरिक छटा के बीच आयोजित कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप पर करमेती बहनों की प्रस्तुतियों तथा विभिन्न पंचायतों से पहुंची झूमर टीमों ने समां बांध दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेएलकेएम के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो रहे। कार्यक्रम की शुरुआत करमेती बहनों ने जावा करम डाल की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की। करम गीतों के साथ जावा जगाने की पारंपरिक रस्म पूरी की गई। इसके बाद अखड़ा में पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य का सिलसिला शुरू हुआ।
मांदर की थाप पर देर तक झूमते रहे लोग
करम अखड़ा में ढोल-नगाड़ों और मांदर की गूंज से पूरा बिलंडीटांड़ मैदान झूम उठा। महिलाओं ने पारंपरिक करम गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर झारखंडी संस्कृति की जीवंत तस्वीर पेश की। वहीं प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से पहुंची झूमर टीमों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
क्षेत्रीय कलाकारों के करम गीत और पारंपरिक संगीत ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों में उत्साह और उमंग भर दिया। देर तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर लोक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।
जयराम महतो के पहुंचते ही बढ़ा उत्साह
जयराम कुमार महतो के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही समर्थकों और उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप के बीच उनके स्वागत में नारे लगाए गए। कार्यक्रम स्थल पर ‘टाइगर जयराम महतो जिंदाबाद’, ‘जेएलकेएम जिंदाबाद’ और ‘जेबीकेएसएस जिंदाबाद’ के नारे गूंजते रहे।
‘करम पर्व हमारी संस्कृति और परंपरा की पहचान’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयराम कुमार महतो ने कहा कि करम पर्व झारखंड का प्रमुख पर्व है। झारखंडी पर्व-त्योहार हमारी सभ्यता, संस्कृति और परंपरा को जीवित रखने का संदेश देते हैं। करम पर्व हमारे पूर्वजों की परंपरा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने लोगों से अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़े रहने तथा इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में अपनी जड़ों और लोक परंपराओं को बचाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अतिथियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जेबीकेएसएस प्रखंड टीम की ओर से केंद्रीय एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा पत्रकारों को बैच और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष मोतीलाल महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष इंजीनियर मुकेश कुमार महतो, मांडू विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सह केंद्रीय महासचिव बिहारी महतो, गोमिया विधानसभा क्षेत्र की पूर्व प्रत्याशी पूजा महतो, केंद्रीय सचिव लक्ष्मण कुमार, केंद्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्वी जिप सदस्य सरजू पटेल, केंद्रीय संगठन महासचिव माही पटेल, केंद्रीय महिला मोर्चा उपाध्यक्ष रूपा महतो, जिला अध्यक्ष सरयू साव, जिला वरीय उपाध्यक्ष टहल महतो, उपाध्यक्ष सुरेश कुमार महतो समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आयोजन में प्रखंड टीम की रही सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रखंड अध्यक्ष कौलेश्वर महतो, सचिव प्रेमचंद महतो, उपाध्यक्ष रामचंद्र राम, नंदलाल महतो, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार, विशेश्वर कुमार, महेश महतो, प्रकाश महतो, टेकलाल महतो, भगीरथ महतो, मुकेश कुमार, घनश्याम महतो, संजय महतो, प्रवीण महतो, जितेंद्र महतो, निर्मल महतो, हीरामन महतो, चुरामन महतो, धनेश्वर महतो और नागेश्वर महतो समेत पूरी प्रखंड टीम की सक्रिय भूमिका रही।
करम अखड़ा में हजारों की संख्या में महिला-पुरुषों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य बना दिया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज, करम गीतों और झूमर की प्रस्तुतियों के बीच बिलंडीटांड़ मैदान देर शाम तक झारखंडी लोक संस्कृति के रंग में सराबोर रहा।
इसे भी पढ़े: नन्हे अर्चित ने थामा झाड़ू, स्वच्छता के संदेश से गूंजा हजारीबाग झील परिसर










1 thought on “विष्णुगढ़: ढोल-नगाड़ों की गूंज और झूमर की थिरकन से सजा बिलंडीटांड़ मैदान, जयराम महतो ने कहा- करम पर्व हमारी संस्कृति और परंपरा की पहचान”