लातेहार: उपायुक्त के निर्देश पर जिला टास्क फोर्स ने चंदवा थाना क्षेत्र के सिकनी के पास अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सूचना मिलने पर खनन विभाग और चंदवा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान आठ स्थानों पर सुरंग बनाकर अवैध कोयला निकासी (रैट होल माइनिंग) किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी की मदद से सभी अवैध सुरंगों की डोजरिंग कर उनके मुहानों को बंद करा दिया।
जिला खनन पदाधिकारी नदीम शफी ने कहा कि जिले में अवैध कोयला उत्खनन और परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस तरह की अवैध सुरंग खनन बेहद खतरनाक होती है। इसमें मीथेन समेत जहरीली गैसों के रिसाव, अचानक पानी घुसने और सुरंग धंसने से जान-माल का गंभीर खतरा बना रहता है। मानसून के दौरान दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। छापेमारी अभियान में खान निरीक्षक पद्मलोचन ओहदार, सहायक अवर निरीक्षक राजू कुमार दास तथा सिकनी पुलिस पिकेट के सशस्त्र बल शामिल थे। उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और पकड़े जाने पर उन्हें जेल भेजा जाएगा।
इसे भी पढ़े: गिरिडीह में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9000 किलो जावा महुआ व 350 लीटर शराब नष्ट