राजदेव यादव का बड़ा फैसला: विद्यालय में फोन पर पूर्ण प्रतिबंध, शिक्षा सुधार की पहल
चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड स्थित डॉ. बसंत नारायण सिंह उच्च विद्यालय में बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के सचिव राजदेव यादव ने की, जबकि संचालन प्रधानाध्यापक अशोक रजक ने किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालय के सर्वांगीण विकास में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करना था। इस अवसर पर सचिव राजदेव यादव ने 31 प्रबुद्ध स्थानीय लोगों की एक समिति के गठन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह समिति विद्यालय के संचालन और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएगी तथा शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने का कार्य करेगी।

बैठक के दौरान अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव और समस्याएं रखीं, जिन पर विद्यालय प्रबंधन ने सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। अपने संबोधन में सचिव राजदेव यादव ने विद्यालय में अनुशासन को प्राथमिकता देते हुए छात्रों द्वारा एंड्रॉयड फोन लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। साथ ही शिक्षकों को भी निर्देश दिया गया कि वे केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही फोन का उपयोग करें, अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया कि प्रत्येक तीन माह में सभी विषयों की जांच परीक्षा आयोजित की जाए, जिसकी रिपोर्ट अभिभावकों को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रत्येक माह शिक्षक-छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया, जिससे शिक्षण प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बन सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण शारीरिक प्रशिक्षण शिक्षक निर्भय सिन्हा को अगले आदेश तक निलंबित किया जाए।
प्रधानाध्यापक अशोक रजक ने अपने संबोधन में बताया कि विद्यालय में कक्षा 6 से 10 तक नामांकन प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में सभी विषयों के योग्य शिक्षक उपलब्ध हैं, जिससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। साथ ही उन्होंने शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने का भरोसा भी जताया।
बैठक में उप मुखिया प्रतिनिधि संजय यादव, पिंटू सोनी, कपिल यादव, मधु यादव, चंदन दांगी, सुरेंद्र केशरी, सुरेश शर्मा, उमेश यादव, ओम प्रकाश रविदास, विनय यादव, आशीष यादव, संजय सिन्हा, मुन्ना केशरी, नारायण प्रजापति सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह बैठक विद्यालय के विकास और अनुशासन को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा जयेगा।
इसे भी पढ़े: चतरा में भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की टक्कर में चौपारण के 2 युवकों की मौत, 2 घायल