हजारीबाग। जिले की चौपारण थाना क्षेत्र की कुख्यात दनुआ घाटी, जिसे लोग “मौत की घाटी” के नाम से जानते हैं, एक बार फिर खतरनाक हादसे का गवाह बनी। घाटी में चल रहे एक ट्रेलर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रेलर धू-धू कर जलने लगा।

घटना के दौरान घाटी से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में ट्रेलर पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक ट्रेलर पूरी तरह नष्ट हो चुका था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि ट्रेलर वाहन संख्या आरजे 32जीडी-8764 में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। दनुआ घाटी में लगातार हो रहे हादसों के कारण यह इलाका पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। एक बार फिर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़े: मौत की घाटी बनेगी सुरक्षित: दनुआ घाटी पहुँचे हजारीबाग एसपी, हादसों पर काबू के लिए प्रशासन एक्शन मोड में