जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर कथित तौर पर साइबर ठगी में संलिप्त चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, 12 सिमकार्ड और एक टैब बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जामताड़ा के एसपी शंभू कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी रेलवे फाटक से आगे रेलवे की जमीन पर बने एक क्षतिग्रस्त मकान में कुछ युवक बैठकर साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार युवकों को कथित तौर पर साइबर अपराध करते हुए गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद साइबर अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।
कई बहाने बनाकर लोगों को बनाते थे निशाना
साइबर अपराध थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी अमित रविदास ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान ठगी के कई तरीके सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिजली बिल, गैस पाइपलाइन कनेक्शन, पानी कनेक्शन, चालान, शादी कार्ड और आमंत्रण पत्र के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन, सिमकार्ड और टैब को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
जामताड़ा पुलिस साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी और कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान नंबरों से आने वाले संदेशों, संदिग्ध लिंक और किसी भी प्रकार के फर्जी कनेक्शन या भुगतान संबंधी दावों से सतर्क रहें।
इसे भी पढ़े: आंगो पैक्स चुनाव: अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने भरा पर्चा, 10 कार्यकारिणी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित








1 thought on “जामताड़ा में साइबर अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, चार गिरफ्तार, 11 मोबाइल और 12 सिमकार्ड बरामद”