हजारीबाग पुलिस को ऐतिहासिक सफलता, हाईटेक ऑपरेशन में ज्वेलर्स लूट कांड का बड़ा खुलासा
नंदनी ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला
बड़कागांव (हजारीबाग)। जिले में बढ़ते अपराध पर बड़ी चोट करते हुए बड़कागांव थाना पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन के जरिए चर्चित नंदनी ज्वेलर्स लूटकांड का पर्दाफाश कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार और थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस टीम ने जबरदस्त सफलता हासिल करते हुए कुल सात खतरनाक अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

बताया जाता है कि 8 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़कागांव-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर कुछ अपराधी हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही डीएसपी पवन कुमार के निर्देशन और थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सघन घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने न सिर्फ आगामी लूट की योजना का खुलासा किया, बल्कि 7 फरवरी को हुए नंदनी ज्वेलर्स लूटकांड में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने अभियान को और तेज करते हुए गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी अलग-अलग ठिकानों से धर दबोचा। इस तरह पूरे गिरोह के सात अपराधी पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी पिस्टल, 13 जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि लूटे गए जेवरों को गलाकर दूसरे राज्यों में खपाया गया, जिससे गिरोह के नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था और इसके अन्य सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। डीएसपी पवन कुमार और थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद जहां आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है, वहीं अपराधियों में खौफ का माहौल साफ देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़े: दैहर पंचायत सचिवालय में इफको द्वारा किसान गोष्ठी का हुआ आयोजन