चतरा। जिले में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस महकमे में बड़ा कदम उठाया गया है। एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने गिद्धौर थाना प्रभारी शिवा यादव के साथ सीसीटीएनएस ऑपरेटर दिलीप कुमार और मुंशी महेश कुमार को सस्पेंड कर दिया है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में थाना प्रभारी सिविल ड्रेस में टीम के साथ जिले के ही राजपुर थाना क्षेत्र के बिंधानी गांव पहुंचे थे, जहां एक युवक को जबरन पकड़ने की कोशिश करते नजर आए। इस दौरान ग्रामीणों ने विरोध किया और मौके पर जमकर हंगामा हुआ।
इसे भी पढ़े: गोरहर जीटी रोड पर भीषण सड़क हादसा, दो ट्रकों की टक्कर में चालक की मौत
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि संबंधित टीम ने बिना उच्च अधिकारियों को सूचना दिए दूसरे थाना क्षेत्र में कार्रवाई की, जो नियमों के खिलाफ है, साथ ही विभागीय छवि धूमिल करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इसके अलावा ऑपरेशन में एक बाहरी व्यक्ति की मौजूदगी भी सामने आई है।
एसडीपीओ की रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने यह कड़ी कार्रवाई की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे भी सख्त कदम उठाए जाने की संभावना है।