परिजनों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों से किए अनुष्ठान, श्रद्धापूर्वक भोजन परोसने की निभाई रस्म, भावुक हुआ परिवार
रांची। मां से बिछड़ने का असीम दर्द और पारिवारिक परंपराओं के निर्वहन का अत्यंत भावुक क्षण। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पैतृक गांव नेमरा में दिवंगत माता रूपी सोरेन के दशकर्म पर पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान पूरे किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। नेमरा स्थित पैतृक आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपने परिजनों के साथ मिलकर विधि-विधानपूर्वक सभी रस्में निभाईं।
दशकर्म की परंपरा के तहत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समाज और परिवार के रीति-रिवाजों के अनुसार अतिथियों एवं स्वजनों को स्वयं श्रद्धापूर्वक भोजन परोसने की रस्म भी पूरी की।
पैतृक आवास पर भावुक हुए मुख्यमंत्री, मां की स्मृतियों को किया नमन
नेमरा स्थित आवास पर यह पल पूरे सोरेन परिवार के लिए अत्यंत भावुक और आत्मीय रहा। मां की स्मृतियों के बीच मुख्यमंत्री ने पूरी निष्ठा और संयम के साथ पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने अपनी दिवंगत मां को स्मरण करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके त्याग, संस्कार व आशीर्वाद को नमन किया।

अनुष्ठान के दौरान सोरेन परिवार के अन्य सदस्य, निकट संबंधी, स्थानीय ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को ढाढ़स बंधाया।
इसे भी पढ़े: दुर्गा पूजा को लेकर साहिबगंज शहर के पंडालों में पहुंचे एसडीओ और सीओ, सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन का लिया जायजा





