विद्यार्थियों ने रंगोलियों के जरिए प्रस्तुत की छठ महापर्व, सूर्य उपासना और भारतीय लोकसंस्कृति की आकर्षक झलक
चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड के बसरिया स्थित NYS इंटरनेशनल एकेडमी में दीपावली एवं छठ महापर्व के पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय में सीसीए (को-करिकुलर एक्टिविटीज) के अंतर्गत हवन-पूजन, रंगोली प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हवन-पूजन के साथ हुई। हवन की पवित्र अग्नि और मंत्रों की गूंज से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। इसके बाद आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आकर्षक रंगों और कलात्मक आकृतियों से सजी रंगोलियों के माध्यम से बच्चों ने छठ महापर्व की महत्ता, सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति आस्था और भारतीय लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी विद्यार्थियों ने भारतीय परंपराओं और त्योहारों के महत्व को जीवंत किया। बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति, सभ्यता और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। साथ ही ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के अंदर रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता और नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं, जो उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया।