कुएं में शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप, पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस
चौपारण (हजारीबाग)। दैहर पंचायत के पकडिया टांड़ के पास गुरुवार को एक कुएं में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुनसान स्थान पर शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
मौके पर पहुंची चौपारण पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को कुएं से बाहर निकलवाया। घटनास्थल की परिस्थितियां सामान्य मौत के बजाय किसी संदिग्ध घटना की ओर इशारा कर रही हैं। शव कंबल में लिपटा हुआ था और उसे तार से बांधा गया था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक के हाथ-पैर में पत्थर भी बंधे मिले।


शव की इस स्थिति ने घटना को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक परिस्थितियों के आधार पर आशंका व्यक्त की जा रही है कि व्यक्ति की मौत कहीं दूसरी जगह हुई होगी और पहचान छिपाने के इरादे से शव को कुएं में डाल दिया गया होगा। हालांकि, हत्या या मौत के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम कराएगी। इसके बाद पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को सुरक्षित रखा जाएगा।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान, मौत के कारण और घटनास्थल तक शव पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।
इसे भी पढ़े: चौपारण: भगहर के जंगल में सुबह-सुबह वन विभाग का छापा, कच्ची लकड़ी से भरा ट्रैक्टर पकड़ाया







1 thought on “चौपारण: कुएं में कंबल और तार से लिपटा मिला अज्ञात शव, हाथ-पैर में बंधे थे पत्थर, हत्या कर फेंकने की आशंका”