चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण प्रादेशिक वन क्षेत्र के भगहर जंगल में पेड़ काटकर लकड़ी चुराने की कोशिश वन विभाग ने नाकाम कर दी। गुरुवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे विभाग की टीम ने घेराबंदी कर एक बिना नंबर वाले पावरट्रैक 438 प्लस ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। ट्रैक्टर पर अलग-अलग तरह की हरी-कच्ची लकड़ियां लादी गई थीं।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में परसातरी भगहर के एक स्थानीय व्यक्ति की संलिप्तता की बात मुख्य रूप से सामने आ रही है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। प्रभारी वनपाल अमन कुमार उर्फ प्यारे लाल साव ने जानकारी दी कि विभाग को पहले ही खबर मिल चुकी थी कि भगहर के वन क्षेत्र में पेड़ काटे जा रहे हैं और लकड़ी को ट्रैक्टर पर लादकर बाहर ले जाने की तैयारी चल रही है। खबर मिलते ही बड़े अधिकारियों को सूचना दी गई और टीम बनाकर मौके पर दबिश दी गई।
टीम को अपनी ओर आता देख ट्रैक्टर चालक गाड़ी वहीं छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया। वनकर्मियों ने काफी दूर तक उसका पीछा भी किया, लेकिन घने जंगल और झाड़ियों की आड़ में वह आंखों से ओझल हो गया। बाद में टीम लकड़ी सहित ट्रैक्टर को रेंज कार्यालय ले आई।

वनपाल ने कहा कि जंगल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। पकड़े गए ट्रैक्टर के जरिए इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है। दोषियों पर वन कानून के तहत वन वाद दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी वनपाल अमन कुमार उर्फ प्यारे लाल साव के साथ प्रधान वनरक्षी कृष्णा महतो, सिकंदर नायक, महेश दास, संतोष रजक, होमगार्ड रामजन्म सिंह और विभाग के अन्य दैनिक वनकर्मी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े: चतरा: जोरी काली मंदिर में सदस्यता विवाद ने पकड़ा तूल, महिला ने मारपीट और साड़ी खींचने का लगाया आरोप







1 thought on “चौपारण: भगहर के जंगल में सुबह-सुबह वन विभाग का छापा, कच्ची लकड़ी से भरा ट्रैक्टर पकड़ाया”