पंचायत भवन में चस्पा की गई सूची, दावा-आपत्ति के निपटारे के बाद प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड के चयकलां पंचायत में पैक्स चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सहकारिता विभाग के निर्देशानुसार पंचायत सचिवालय में पैक्स मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। मतदाताओं की सुविधा के लिए सूची को पंचायत भवन की दीवार पर चस्पा किया गया है, ताकि लोग आसानी से अपना नाम एवं अन्य विवरण जांच सकें। मतदाता सूची प्रकाशित होने के साथ ही दावा-आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। सूची में नाम छूटने, नाम या अन्य विवरण में त्रुटि होने अथवा किसी प्रकार की आपत्ति होने पर संबंधित मतदाता 9 नवंबर 2026 तक अपना दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। निर्धारित समयसीमा के भीतर प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निपटारा करने के बाद 9 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। पैक्स चुनाव की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिहाज से मतदाता सूची का प्रकाशन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से मतदाताओं से अपील की गई है कि वे समय रहते सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर निर्धारित समय के भीतर सुधार कराया जा सके। इस अवसर पर ब्लॉक कर्मी, मुखिया प्रतिनिधि हेलाल अख्तर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।






1 thought on “चौपारण: चयकलां पैक्स चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, मतदाता सूची जारी, 9 नवंबर तक दर्ज होगी आपत्ति”