80 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से हुई निगरानी, शांतिपूर्ण आयोजन पर एसएसपी ने पूजा समितियों और आम लोगों का जताया आभार
धनबाद। जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और व्यापक निगरानी के बीच दुर्गा पूजा महोत्सव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। 17 से 21 अक्टूबर तक चले पूजा आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। प्रमुख पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी के लिए 80 हाई डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया।
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया था। भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए जरूरत के अनुसार नो-एंट्री और वन-वे व्यवस्था लागू की गई। साथ ही, आवागमन को आसान बनाने के लिए वैकल्पिक मार्गों से वाहनों का परिचालन कराया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रखी गई।
पूजा महोत्सव के शांतिपूर्ण समापन के बाद एसएसपी प्रभात कुमार ने पूजा समितियों, श्रद्धालुओं और जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिले में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता का सहयोग महत्वपूर्ण रहा।
पुलिस प्रशासन ने भविष्य में भी सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आम लोगों से सहयोग की

अपील की।






