हजारीबाग। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल कनहरी पहाड़ को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से Evermere Foundation की टीम ने स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम के सदस्यों ने पहाड़ के विभिन्न हिस्सों से करीब 500 किलोग्राम कचरा एकत्र किया। इसमें प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथीन, खाद्य पदार्थों के रैपर और अन्य अपशिष्ट शामिल थे।
टीम ने बताया कि कनहरी पहाड़ पर बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, लेकिन कई लोग खाने-पीने की वस्तुओं के रैपर और बोतलें खुले में फेंक देते हैं। इससे पर्यटन स्थल की प्राकृतिक सुंदरता प्रभावित होने के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है।
‘स्वच्छ कनहरी, स्वच्छ हजारीबाग — स्वच्छता हमारी जिम्मेदारी’ का संदेश देते हुए टीम ने पर्यटकों से अपील की कि वे कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थानों पर डालें और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। टीम ने कहा कि स्वच्छ शहर बनाना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

इस अभियान में अन्वित, आयुष, शिवम, अभिराज, अर्चित, संजय, शशांक और गौरव ने सक्रिय भूमिका निभाई। Evermere Foundation ने भविष्य में भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने और हजारीबाग को स्वच्छ व सुंदर बनाने की प्रतिबद्धता जताई।





