तीन अन्य बच्चे बाल-बाल बचे, हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
बरही। हजारीबाग जिले के बरही चौक पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसके तीन वर्षीय मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों सड़क पार कर रहे थे, तभी ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसे में महिला के साथ मौजूद तीन अन्य बच्चे सुरक्षित बच गए।
मृतकों की पहचान उर्मिला देवी (35 वर्ष) और उनके तीन वर्षीय पुत्र दीपांशु कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उर्मिला देवी अपने चार बच्चों के साथ टाटीझरिया थाना क्षेत्र के खैराकरमा स्थित मायके से बिहार के गया जिले के बाराचट्टी स्थित ससुराल लौट रही थीं।
बताया जाता है कि बरही चौक पर बस से उतरने के बाद वह बाराचट्टी जाने वाली दूसरी बस पकड़ने के लिए सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान ट्रेलर की चपेट में आने से मां और बेटे की मौत हो गई। उनके तीन अन्य बच्चे इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बरही थाना पुलिस पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, बरही चौक पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क पार करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं







