विवेकानंद सेवा आश्रम विद्यालय परिसर में हुई बैठक, सभी सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर दिया जोर
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। प्रखंड के हॉस्पिटल चौक स्थित विवेकानंद सेवा आश्रम विद्यालय परिसर में विप्र समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी संस्कृत दिवस समारोह के आयोजन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता विप्र समाज के अध्यक्ष रोहितानंद मिश्रा ने की, जबकि संचालन समाज के सचिव यशवंत मिश्रा ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी संस्कृत दिवस समारोह का आयोजन पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में किया जाएगा। समारोह का आयोजन 6 सितंबर को महंथ अखाड़ा चौक स्थित बंशीधर के प्रांगण में होगा।
बैठक में समारोह को सफल बनाने के लिए विप्र समाज के सभी सम्मानित सदस्यों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ज्ञान और परंपरा की समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।
संस्कृत सभी भाषाओं की जननी : यशवंत मिश्रा
विप्र समाज के सचिव यशवंत मिश्रा ने कहा कि संस्कृत भारतीय ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण भाषा है। उन्होंने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है। संस्कृत के संरक्षण और इसके प्रति नई पीढ़ी में रुचि पैदा करने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने समारोह को सफल बनाने के लिए समाज के सभी सम्मानित सदस्यों से बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। साथ ही उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए अपनी ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में संस्कृत दिवस समारोह को लेकर सदस्यों के बीच उत्साह देखा गया। समाज के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। बैठक में विप्र समाज के कोषाध्यक्ष रवि पाठक, सुनील कुमार पांडे, संजीत मिश्रा, दीनानाथ पांडे, रणजीत मिश्रा सहित समाज के कई सम्मानित सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।








1 thought on “विष्णुगढ़: संस्कृत दिवस समारोह की तैयारी को लेकर विप्र समाज की बैठक, महंथ अखाड़ा चौक में होगा भव्य आयोजन”