उपायुक्त ने किया पालना घर का शुभारंभ

Craft Samachar
2 Min Read

दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने सोमवार को समाहरणालय ब्लॉक सी के प्रथम तल पर निर्मित पालना घर (क्रेच) का फीता काटकर शुभारंभ किया। उपायुक्त ने कहा कि कार्यरत महिलाओं की सुविधा,बच्चों की सुरक्षित देखभाल एवं उनके समुचित पोषण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पालना घर की स्थापना एक महत्वपूर्ण पहल है।

उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बताया कि पालना घर में 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए सुरक्षित,स्वच्छ एवं बाल-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया है। यहां बच्चों के लिए खेल-कूद की सामग्री, विश्राम की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पोषण युक्त आहार, शौचालय एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण एवं देखभाल की व्यवस्था भी की गई है, ताकि उनके समग्र विकास को बढ़ावा मिल सके।

उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने विशेष रूप से माताओं के लिए स्तनपान कक्ष की व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि यह स्थान पूर्णतः सुरक्षित, स्वच्छ एवं गोपनीयता युक्त बनाया गया है, जिससे कार्यरत महिलाएं अपने शिशुओं को सहज एवं सम्मानजनक वातावरण में स्तनपान करा सकें। उपायुक्त ने कहा कि यह पहल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों में भी इसी प्रकार के पालना घर स्थापित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके। साथ ही समाहरणालय परिसर में स्पष्ट एवं आकर्षक साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे महिलाएं आसानी से पालना घर तक पहुंच सकें। साथ ही उपायुक्त ने पालना घर के सुचारू संचालन, नियमित निगरानी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यह सुविधा महिलाओं के लिए वास्तव में सहायक एवं उपयोगी साबित हो सके।

इसे भी पढ़े: डीएवी पब्लिक स्कूल,सीसीएल राजरप्पा प्रोजेक्ट में मनाया गया उत्साहपूर्वक विश्व स्वास्थ्य दिवस,बारहवीं का सत्र वैदिक परंपरा के अनुसार हुआ आरम्भ

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।