चौपारण : दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई कार, एक की मौत, चार गंभीर

Nitish Keshri
2 Min Read

चौपारण (हजारीबाग)। थाना क्षेत्र के दनुआ घाटी में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बिहार के गया जिला से सिजुआ (धनबाद) लौट रही एक ऑल्टो कार घाटी के खतरनाक मोड़ पर ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन ट्रेलर में बुरी तरह फंस गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए। सूचना पाकर चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगवानी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। तीन से चार अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।

प्रारंभिक जांच में घाटी के तीखे मोड़ और तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। दनुआ घाटी पहले से ही दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र के रूप में चिन्हित है, जहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटी क्षेत्र में सख्त यातायात नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक बढ़ाने की मांग की है। थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।