Home | झारखंड | बिहार | देश-विदेश | खेल | मनोरंजन | क्राइम | शिक्षा | हेल्थ | राजनीति | राशिफल
- ADVERTISEMENT -

बरही विधानसभा में विकास की बड़ी सौगात, 14.83 करोड़ की 11 योजनाओं को मिली मंजूरी; दिवाली बाद शुरू होगा निर्माण कार्य

Published: Nov 1, 2026 7:28 PM  •  Updated: Nov 1, 2026 7:30 PM
HIGHLIGHTS
- ADVERTISEMENT -

बरही, चौपारण और पदमा में सड़क, पुल, सिंचाई, किसान आजीविका केंद्र और सब्जी मंडी का होगा निर्माण, ग्रामीणों और किसानों को मिलेगा लाभ

बरही।: बरही विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलने वाली है। क्षेत्र के बरही, चौपारण और पदमा प्रखंड में कुल 14 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से 11 विकास योजनाओं को स्वीकृति मिली है। दिवाली के बाद इन योजनाओं पर निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इनमें सड़क, पुल, सिंचाई, किसान उत्पादक समूहों के लिए आजीविका केंद्र और फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए मंडी निर्माण जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।

बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल और उनकी अनुशंसा पर जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) मद से इन योजनाओं को स्वीकृति मिली है। विधायक ने कहा कि योजनाओं के धरातल पर उतरने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। किसानों को सिंचाई, भंडारण और आजीविका के नए अवसर मिलेंगे। वहीं, फल एवं सब्जी विक्रेताओं को व्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल होगी।

बरही प्रखंड में 10.61 करोड़ की आठ योजनाएं

बरही प्रखंड में कुल आठ योजनाओं पर लगभग 10.61 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बरही तिलैया रोड से केशरी धर्मशाला होते हुए फोरलेन तक पक्की सड़क का निर्माण एक करोड़ 26 लाख 51 हजार 800 रुपये की लागत से होगा। विजैया चौक से ओरपरता सीमाना तक सड़क निर्माण पर दो करोड़ 48 लाख 74 हजार 400 रुपये खर्च किए जाएंगे।

ग्राम जरहिया में काली महतो के घर से प्रसादी महतो के घर तक पीसीसी पथ का निर्माण एक करोड़ 32 लाख 74 हजार 600 रुपये की लागत से कराया जाएगा। वहीं, पीडब्ल्यूडी रोड बसरिया से गुड़ियो तालाब होते हुए अमझर कालीकरण रोड तक पीसीसी पथ निर्माण पर एक करोड़ 29 लाख 65 हजार 500 रुपये खर्च होंगे।

मलकोको पंचायत में बरसोती नदी पर 75 लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया जाएगा। बरही प्रखंड कार्यालय के समीप किसान उत्पादक समूहों के लिए भंडारण, रखरखाव एवं आजीविका केंद्र का निर्माण एक करोड़ छह लाख 18 हजार 820 रुपये की लागत से होगा।

इसके अलावा गौरियाकरमा के केवलिया डैम में एक करोड़ 42 लाख 69 हजार रुपये की लागत से उद्वह सिंचाई योजना का कार्य कराया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट स्थानीय फल एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से मंडी निर्माण की भी योजना है।

चौपारण में 2.46 करोड़ से बनेगी सड़क

चौपारण प्रखंड के ग्राम चयकला में आरईओ रोड से करमा आहर पिंड होते हुए भटवाचक तक पीसीसी पथ का निर्माण कराया जाएगा। इस योजना पर दो करोड़ 46 लाख 85 हजार 700 रुपये खर्च होंगे। सड़क निर्माण पूरा होने से संबंधित गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।

पदमा में दो सड़कों का होगा निर्माण

पदमा प्रखंड में भी दो सड़क निर्माण योजनाओं को स्वीकृति मिली है। ग्राम पंचायत बंदरबेला के ग्राम अडार में देवी मंडप से आरईओ रोड बंदरबेला तक पीसीसी पथ का निर्माण 97 लाख 72 हजार 934 रुपये की लागत से होगा। वहीं, पीडब्ल्यूडी रोड सरैया से शशि मेडिकल तक पीसीसी पथ निर्माण पर 76 लाख 97 हजार 340 रुपये खर्च किए जाएंगे।

बरही मुख्यालय की जर्जर सड़कों का होगा स्थायी निर्माण

प्रेसवार्ता के दौरान बरही मुख्यालय की जर्जर सड़कों को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि पर्व को देखते हुए पथ निर्माण विभाग के माध्यम से सड़कों की मरम्मत कराने का प्रयास किया गया है। हालांकि, उनका उद्देश्य केवल अस्थायी मरम्मत कराना नहीं, बल्कि मुख्यालय की सड़कों का स्थायी और पूर्ण निर्माण कराना है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार से बातचीत हुई है। सचिव ने सड़कों के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर भेजने की बात कही है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़कों के पूर्ण निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रेसवार्ता में विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि बरही पश्चिमी भगवान केशरी, बरही पूर्वी मंडल अध्यक्ष विजय यादव, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष नागेश्वर रजक, पदमा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल मेहता, चौपारण मध्य मंडल अध्यक्ष रेवा शंकर साव, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय और पूर्वी मंडल अध्यक्ष आरती कौशल उपस्थित थे।

- ADVERTISEMENT -

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment