दो पालियों में होगी परीक्षा, कदाचार रोकने के लिए दंडाधिकारी नियुक्त; प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
बरही। झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक), रांची की ओर से आयोजित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 का आयोजन एक नवंबर, रविवार को बरही प्रखंड के पांच परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी केंद्रों पर निगरानी और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा के लिए बरही में पांच शिक्षण संस्थानों को केंद्र बनाया गया है। इनमें प्लस टू हाई स्कूल बरही, डीएवी पब्लिक स्कूल बरही, प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल बरही, राम नारायण यादव मेमोरियल कॉलेज बरही तथा बरही इंटर कॉलेज शामिल हैं।
दो पालियों में होगी परीक्षा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहली पाली में लेवल-2 यानी उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं, दूसरी पाली में लेवल-1 यानी प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
56 शिक्षकों की लगाई गई ड्यूटी
परीक्षा के सफल संचालन के लिए बरही प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों से करीब 56 शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। व्यवस्था के तहत प्रत्येक 12 अभ्यर्थियों पर एक शिक्षक की तैनाती की जाएगी। शिक्षकों की जिम्मेदारी परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने, निगरानी करने और परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित कराने की होगी।
कदाचार रोकने के लिए दंडाधिकारी तैनात
परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी और कदाचार पर रोक लगाने के लिए झारखंड परीक्षा संचालन अधिनियम, 2001 के प्रावधानों के तहत आवश्यक व्यवस्था की गई है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। प्रशासन का लक्ष्य सभी पांचों केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से परीक्षा संपन्न कराना है।






