पारंपरिक वेशभूषा में सजी छात्राओं ने प्रस्तुत की छठ पूजा की झांकी, भगवान भास्कर को अर्पित किया अर्घ्य
बरही। प्रखंड के पंचमाधव स्थित आईलेक्स पब्लिक स्कूल में लोक आस्था का महापर्व छठ पारंपरिक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर छठमय वातावरण में सराबोर नजर आया। छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर छठ पूजा की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की और पूरे विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य की आराधना की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने छठ व्रत की पारंपरिक पूजा पद्धति का प्रदर्शन करते हुए सूप और पूजा सामग्री के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को छठ महापर्व की धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक महत्व से रूबरू कराया।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और धार्मिक आस्था से जोड़ने का प्रयास किया गया। छठ महापर्व सूर्योपासना, स्वच्छता, अनुशासन, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। विद्यालय में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों में अपनी परंपराओं के प्रति सम्मान और सामाजिक एकता की भावना विकसित होती है।






