चौपारण (हजारीबाग) / नितिश केशरी। प्रखंड अंतर्गत ग्राम दनुआ में संचालित नमनदीप पब्लिक स्कूल में भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पावन पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा, वहीं भाइयों ने अपनी बहनों के सम्मान, सुरक्षा और सुख-समृद्धि की रक्षा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की शिक्षिकाओं अंजली कुमारी, निशा कुमारी एवं मोनिका कुमारी द्वारा विधिवत गणेश पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने रक्षाबंधन की परंपरा एवं भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को दर्शाते हुए विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के शिक्षक महेश ठाकुर एवं रंजन रजक ने किया। इस अवसर पर अंग्रेजी विषय के शिक्षक अमित कुमार केशरी ने रक्षाबंधन के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व केवल भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी, सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का संदेश भी देता है।

विद्यालय के गणित शिक्षक उमेश कुमार दास ने कहा कि समाज में नारियों के सम्मान और उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सदैव सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक-सह-प्रधानाचार्य सतीश प्रसाद केशरी ने रक्षाबंधन पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम बच्चों को भारतीय परंपराओं, संस्कारों और आपसी प्रेम की भावना से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और पूरे विद्यालय परिसर में भाई-बहन के प्रेम, स्नेह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा।








